Showing posts with label उदाहरण. Show all posts
Showing posts with label उदाहरण. Show all posts

Sunday, June 14, 2026

गीता_छंद- Hindi poetry


Explained By Smt. Suvrna Partani ji - Hyderabad
स्नेहिल सादर नमन साहित्य अनुरागी और मेरे समस्त प्यारे साथियों 🙏
आज सीखने और सिखाने के अंतर्गत मैं आपकी दोस्त सुवर्णा परतानी एक नया छंद लेकर आपके समक्ष आयी हूँ।
विश्व में फैली महा आपदा से हमें डटकर मुक़ाबला करना है ,हमें डरना नहीं है बस कुछ ज़रूरी सावधानी का पालन सख़्ती से करना होगा।

घर में रहकर देश का साथ दे और अपनी लेखनी की धार को भी साथ में तीक्ष्ण बनाए।

स्वस्थ रहे और मस्त रहे ।
तो चलते है नए छंद की ओर .......
ये छंद महाभागवत जाती का छंद है,
ये 26 मात्रिक छंद है,

#गीता_छंद
14,12 पर यति
पदांत 21 (गुरु लघु)
अनिवार्य है।
दो दो अथवा चारों चरण समतुकांत लिए जा सकते है।

उदाहरण
कृष्णारजुन गीता भुवन,
रवि सम प्रगट सानन्द।
जाके सुने नर पावहीं,
संतत अमित आनन्द।।
दुहूँ लोक में कल्याण कर,
यह मेट भव को शूल।
तातें कहौ प्यारे कबौ,
उपदेश हरि ना भूल।।
- छंद शास्त्र

*******************************************
ये छंद महाभागवत जाती का छंद है,
ये 26 मात्रिक छंद है,
14,12 पर यति
पदांत 21 (गुरु लघु)
अनिवार्य है।
दो दो अथवा चारों चरण समतुकांत


ये छंद महाभागवत जाती का छंद है,
ये 26 मात्रिक छंद है,
14,12 पर यति
पदांत 21 (गुरु लघु)
अनिवार्य है।
दो दो अथवा चारों चरण समतुकांत
2122 2122, 2122 221

आज विपदा आ पड़ी है, मृत्यु का फैला जाल।
त्रस्त सारे लोग अब हैं, काल ने पलटी चाल।
बंध जाए साँस सारी,होय जीवन दुश्वार।
दी प्रकृति ने आज शिक्षा, बच न पाये संसार।।१।।

है करे कोई भरे सब,था पड़ोसी का वार।
वो अमानुष बन गया था, अरु करीं हद सब पार।
साँप,चमगादड़, छछूंदर, ये इन्हीं के आहार।
ईश भी है क्रोध में अब,जो नहीं था स्वीकार।।२।।

देख कोरोना बढ़ा है,जो बिगाड़े हालात।
पार ये अवरोध कर के,फैलता ये दिन रात।
जल्द कोरोना मिटेगा ,हो कभी ये लाचार।
ध्यान रखना बात का यह, अब नहीं हो विस्तार।।३।।

आपसी दूरी रखें अब, लीजिये मुख रूमाल।
इक कदम घर से न बाहर,तब थमेगा भूचाल।
धैर्य संयम नित्य रखिये, थामना हो आसान।
कुछ दिनों की बात है बस, फिर खिलेगी मुस्कान।।४।।



✍️सुवर्णा परतानी
हैदराबाद 

--------------------------------------------------------------------
गीता छन्द (२६ मात्रिक)

14-12 पर यति चरणान्त 21 अनिवार्य
दो-दो चरण समतुकांत

काव्य जगत में भी देखो,छल-कपट ताबड़तोड़।
अपना हित सब साध रहे ,एक दूजे को फोड़।।
काव्य ज्ञान ही साधक का,पथ है सुनो आनंद।
उस पथ चल कविजन पाते,अनुभूति परमानंद।

घृणा भाव जब तीर चले, क्या वीरों का कर्म नेक।
उस भाव भँवर जो उलझा,प्रश्नचिन्ह बना विवेक।
देखो रचे जो छंद है, सब पीड़ा हरे वो पीर।
बहता चले पाषाण पथ,दे ताकि निर्मल नीर।।

अभय कुमार आनंद
विष्णुपुर, बाँका, बिहार व
लखनऊ उत्तरप्रदेश

-------------------------------------------------
गीता छ्न्द

महाभागवत जाती का छ्न्द
26 मात्रा ,14,12 पर यति , पदांत 21 (गुरु लघु) अनिवार्य।
............
देखो कैसी कठिन घड़ी , बैठे सभी लाचार।
देख मौत सामने खड़ी ,अन्दर भूख की मार।
....
जीवन में सुख - दुख मिलता , बन जाओ धीर वान ।
फिर सुख का पल आएगा, होगा तभी कल्याण।
......
सृष्टि देख विकराल बनी , मानव के लिए काल ।
कलयुग बदले नवयुग में , जय- जय हो महाकाल।
.......
व्यर्थ की चिंता छोड़ कर , अब प्रकृति को पहचान।
हाथ जोड़ कर मांँगो सब , भोले से क्षमा दान।
.......
द्वेष ईर्ष्या छोड़ कर के ,भजते रहो श्रीकंत ।
सबको सन्मति देते हैं , गदाधारी हनुमंत।
.......
कमलनयन हरि जाप करो , सत्य ही हो आधार।
हिंसा पाप को त्याग कर , संस्कृति करो स्वीकार।

सिम्पल काव्यधारा
प्रयागराज

----------------------------------------------------------------------
गीता_छंद (26 मात्रिक)

महाभागवति जाति
14,12 पर यति
पदांत 21 (गुरु लघु)
अनिवार्य है।
दो दो अथवा चारों चरण समतुकांत ।
मापनी - 2212 2212 2212 221

रचना

विश्वास ही तो प्रेम का, होता बड़ा आधार,
टूटे अगर विश्वास तो, उसका नहीं उपचार।
मन में किसी के प्रेम का, रचना तभी संसार,
सच्चा बने सम्बन्ध वो, बस प्यार ही बस प्यार।

होती सुखद अनुभूति है, कहते जिसे हैं प्यार,
देखा नहीं भगवान को, फिर भी करें सत्कार।
भीतर बसा दिखता नहीं, बाहर खुले हैं द्वार,
भगवान के ही नाम पर, चलता दिखा व्यापार।

कलयुग प्रभावित कर रहा, हर ओर अत्याचार,
माँ-बाप वृद्धाश्रम गए, सन्तान का आचार।
बहु सास के झगड़े दिखें, छलपूर्ण दुर्व्यवहार,
भाई दिखे लड़ते हुए, टूटे हुए घरबार।

सब स्वार्थ लालच से भरे, अच्छे नहीं संस्कार,
सद्बुद्धि वाले कम दिखें, सबसे करें जो प्यार।
कोमल हृदय सद्भावना, विस्मृति नहीं सुविचार,
ईश्वर करे उन पर कृपा, सपने करे साकार।

कवि के कथन कटु काव्य में, सच्ची करी है बात,
चंचल चतुर मन चोर है, सोचे सदा उत्पात।
मन वश कभी करता नहीं, मन से गया है हार,
दुर्लभ मनुज का तन मिला, बिन गुरु नहीं उद्धार।

जितेंदर पाल सिंह

-----------------------------------------------------------
 #गीता _छन्द (महाभागवत जाति)

26 मात्रिक 14,12 पर यति
पदान्त 21 (गुरु लघु) अनिवार्य
दो दो अथवा चारो चरण समतुकांत लिए जा सकते हैं।
शीर्षक:- रणभूमि

रणभूमि धरे धनुष धरा,
अर्जुन लखे यदुराज,
ज्येष्ठ भ्राता सह अनुज हैं,सारे युद्ध मे आज,
कैसे वध कर दूँ बोलो ,केशव ! कठिन है काम,
ह्रदय व्यथित युद्धभूमि में,होगा बुरा परिणाम।
******************

भीष्म पितामह प्राण बसे,
गुरु द्रोण ह्रदय समान,
पिता सदृश हैं विदुर जी,किस किस का कहूँ नाम,
हे! माधव स्वीकार हार, पीड़ा नही स्वीकार,
क्षमा करो हरि क्षमा दो,द्वंद्व लगे बेकार।
*******************

उठो धनुर्धर ! संशय तज,त्यागो ह्रदय संताप,
अति का भला ही वेदना, सहना पीर भी पाप,
बज उठी समर रणभेरी ,
गूँजा है शंखनाद,
धर्म युद्ध का संकट है, ह्रदय का हरो विषाद।
******************
पार्थ! निभाओ राज धर्म,मोह का बंधन छोड़,
स्थिर मन से युद्धनीति का, जगा जो क्रन्दन तोड़,
कूटनीति ही पनपेगी,
बदलेगी राजनीति,
सत्य धर्म कर्म मिटेगा,जब बिखरेगी कुरीति।
******************
सृजनकारी नूतन नियति, मन बन्धन निराधार,
काया वसन है प्राण का,तन बदले कई बार,
जनम मरण विधिना हाथों, वर्ष माह और काल,
अर्जुन! ठहरते दिन नही,युग बदले सदा चाल।


रचनाकार
डॉ नीरज अग्रवाल नन्दिनी
बिलासपुर( छत्तीसगढ़)

-------------------------------------------------------------

"गगनांगना" छंद Hindi poetry



Explained By  -  Shri Abhay Anand ji  
साहित्य अनुरागी परिवार के समस्त काव्य साधकों को अभय कुमार आनंद का सादर नमन।
सर्वप्रथम साहित्य अनुरागियों को आपके अथक अनवरत प्रयास व काव्य साधना की प्रबल ललक हेतु सादर आभार। जिसके परिणामस्वरूप अब तक आपने काव्यजगत को 34 मात्रिक छंद,11 वर्णिक छंद व 8 ग़ज़ल प्रदान कर साहित्य अनुरागी के पटल को सुशोभित किया है।
मात्रिक छंद की श्रृंखला को विस्तार प्रदान करते हुए आज मेरा परम सौभाग्य है कि मैं एक बार फिर आपके समक्ष कल्याणकारी महत्वपूर्ण "महावतारी "(२५ मात्रिक छंद)

के अंतर्गत
"गगनांगना" छंद

 लेकर उपस्थित हुआ हूँ जिसे लिखने में आप अपार आनंद की अनुभूति करेंगे।
गगनांगना छंद २५ मात्रिक छंद है जिसमें १६-९ पर यति तथा चरणान्त रगण (२१२) अनिवार्य होता है। हर छंद की भांति इस छंद के भी चार पद होते हैं तथा इस छंद की विशेषता यह है कि इसके प्रत्येक पद में ५ गुरु और १५ लघु होना अनिवार्य है(५ गुरु×२=१० मात्रा तथा १५ लघु×१ =१५ मात्रा, कुल २५ मात्रा)
इस छंद के दो-दो चरण क्रमागत समतुकांत होते हैं।

उदाहरण के लिये महाकाव्य "छंदप्रभाकर" में दी गई रचना आपके अवलोकन हेतु :-
सोरह नौकल धरि कवि गावत , नव गगनांगना।
प्रभु ओरसड व्याप्त न जरा तउ, हरि पड़ रंगना।।
रूप सुभग जइ अर्थ न कछु है, अनरथ मंडती ।
नाच रंग महँ रहती निस दिन, मुनि तप खंडती।।

मेरे द्वारा भी छंद साधना के क्रम में उपरोक्त छंद को साधने का एक छोटा सा प्रयास है। आशा ही नहीं पूर्णविश्वास है कि आपको यह रचना अवश्य पसंद आयेगी। आपका उत्तम विचार रचना पर अपेक्षित है। छंद साधना में मेरे द्वारा हुई त्रुटि को आप लोग जरूर इंगित कर महानतम रचना बनने में मेरी मदद करेंगे।
आप समस्त गुणीजनों की भी इस छंद पर रचना करने हेतु सादर आमंत्रित करता हूँ कि आइए और उत्कृष्ट छंद रच कर समस्त छंद प्रेमियों को अनुगृहीत करें।

गगनांगना छंद
बन सुमन सम शोभित क्षितिज पर,हिन्दोस्तां खड़ा।
कश्मीर सर पर मुकुट बनकर, केसरिया जड़ा।।
सदाचार सदभाव पहन तन , अनुपम देश है।
सब अलग पथ, पर एकत्व ही, निज परिवेश है।।

मकरंद सम मधुवास मुख के, हर स्वर में यहाँ।
हर धर्म के रहते उपासक , मिलजुल कर जहाँ।।
सब जन बीमित योग से हरत, अतुल उपासना।
सप्त सुर शुभ सरगम समाहित, सुंदर साधना।।

शब्दार्थ :-
बीमित - रोग

अभय कुमार आनंद
विष्णुपुर,बाँका, बिहार व
लखनऊ,उत्तरप्रदेश
-------------------------------------------------------
 गगनांगना छंद
२५ मात्रिक छंद है,१६/९ पर यति
अंत २१२ अनिवार्य

प्रत्येक पद में ५ गुरु और १५ लघु अनिवार्य


जब जब हम पर विपदा आयी,तुम प्रभु पास थे।
सर पर रखकर हाथ कृपा का,तुम प्रभु आस थे।
पग पग राह कठिन थी गहरी,पग पग हार थी ।
हुलस रहा था जीवन प्रभु वर,नस नस खार थी।।१।।

नव रूप धरकर मुदित कर के,हर लो वेदना।
क्षणिक सुरभि तन मन खिल जाए,भर दो प्रेरणा।
चरण रज से बन जाए सबल,जग की धारणा।
सब के हिय जगमग मधुर करे,पावन भावना ।।२।।

सजल नयन विकल मन से करत,तेरी वंदना।
सुन अब अरज धवल मंगल रख ,मेरा आँगना।
हर दिन भजन हर पल स्मरण हो,ऐसा दान दे।
कर जतन कर यतन हम सब पे,ऐसा ज्ञान दे।।३।।


सुवर्णा परतानी
हैदराबाद
------------------------------------------------------------
गनगनांगना छन्द(महावतारी जाति)
25 मात्रिक छन्द
16वी 9वी मात्रा पर यति
चरणान्त रगण (212)अनिवार्य।
प्रत्येक पद पर 5 गुरु 15 लघु अनिवार्य

मोहन वेणु धरि अधर सखे,
लखि छवि साँवरी,
माधव निरखत नयना सखि री,
तन-मन बावरी।

चमके कुंडल मणि कनक भरे,
दमकत दामिनी,
सोहत पीत वसन मन मोहन,
सुर मय रागिनी।

धरे कंठ मदन मणि मय माल,
शुभि शशि धारिणी,
मोहित मुदित मुख कंवल श्याम,
छवि शुभ कारिणी।

शोभित ललाट हरि शुचि चंदन,
द्युति सम राधिके,
कोमल चरण पद नेह वंदन,
सुख सखि साधिके।

मोदक खावत मधु मनमोहन,
हर दुख वेदना,
मटकी पटकी नटवर दधि की,
मन भरि चेतना।

रचनाकार
डॉ नीरज अग्रवाल नन्दिनी
बिलासपुर(छत्तीसगढ़)
---------------------------------------------------------------
 गगनांगना छंद
२५ मात्रिक
१६-९ पर यति

अंत २१२,५ दीर्घ और १५ लघु प्रत्येक पंक्ति में अनिवार्य

बचकर रहना आप सब अब,सुन लो याचना।
हरदम दोनों कर को प्रियवर,नितदिन माँजना।।
घर पर रहकर दुआ करें सब,पावन कामना।
जड़ से अंत करो भगवन तुम,अब यह यातना।

अभिवादन वरदान यह ज्ञान,प्रतिपल बाँटना।
सार्थक जीवन हर पल अब तुम,प्रभु से माँगना ।
अब सब इसका सर्वनाश प्रिय,मिलकर कीजिए।
परहेजकर सभी मनुज गरम,जल ही पीजिए।।

अटल मन की शक्ति से अब यह,सबकुछ सँवारिए।
विकट समय पर ध्यान रख सभी,जरा विचारिए।
विचरण करना छोड़ कर इसे,हरदम टालिए।
समय के अनुरूप अब खुद को ,मिलकर ढालिए।।

कृष्णा श्रीवास्तव
हाटा,कुशीनगर
------------------------------------------------------------
 गगनांगना छंद
"महावतारी" जाति(२५ मात्रिक छंद)
जिसमें १६-९ पर यति तथा चरणान्त रगण (२१२) अनिवार्य होता है। छंद के चार पद होते हैं

प्रत्येक पद में ५ गुरु और १५ लघु होना अनिवार्य (५ गुरु×२=१० मात्रा तथा १५ लघु×१ =१५ मात्रा, कुल २५ मात्रा)
इस छंद के दो-दो चरण क्रमागत समतुकांत।

डर-डर कर मत जीवन जीना, मत तुम भागना,
सुख-दुख सकल रहें जीवन भर, तू मत हारना।
सच के पथ पर हरपल चलना, मन को साधना,
निस दिन जप हरि नाम सदा तू, भवजल तारना।

तन-मन दृढ़ कर बन के प्रहरी, रहते जागते,
अरि जब रण में चढ़ कर आये, धरकर मारते।
भयभीत शत्रु फिर रणभूमि से, डर कर भागते,
तज कर भय निज बल धर योद्धा, संकट टालते।

मन चंचल भटकत निसदिन है, बाधित साधना,
चलत बहुत परपंच जगत का, जागत कामना।
चरण शरण मिलती गुरु की जब, दुविधा टूटती,
भगवन तब मन रच बस रहता, माया छूटती।

छल रख कर भरसक मन भीतर, देखो घूमते,
बन कर जन-सेवक छल-बल से, निर्धन लूटते।
धनवान हित करत सुलभ न्याय, निर्बल हारता,
चौपट अधिपति भ्रष्ट नगर कर, संकट डालता।

करत बहुत पर जन की निंदा, निज मन झाँकना,
तज विकार कर उज्ज्वल निज मन, सुंदर भावना।
जप जप हरि हरि भजन सुनत जो, जागे आत्मा,
गुरु कृपा जब भये भगतन पर, मिले परमात्मा।

जितेंदर पाल सिंह
---------------------------------------------------------------
गगनांगना छंद( महावतारी जाति )
25 मात्रिक छंद
16वी 9वी मात्रा पर यति
चरणान्त रगण (212)अनिवार्य ।
प्रत्येक पद पर 5 गुरु 15 लघु अनिवार्य




11 11 1111 211 22 , 11 11 212,
जग यह हरदम राज पुराना ,मन मत तोड़ना ,
फुरसत न अब यहाँ जग बंधा,मुख मत मोड़ना,
हित कर जगत यहाँ अब दाता,तुम सब जोड़ना,
घर घर मन सब का अब जागे, दुख सब छोड़ना ।

रजिन्दर कोर (रेशू)
अमृतसर
-----------------------------------------------------------------

रोला- छंद - Hindi poetry


Explained By Smt. Ragini Garg ji , Rampur U.P.
नमन साहित्य अनुरागियो।
होली चली गयी अगले वर्ष फिर वापस आने का वादा करके मुझे पूर्ण विश्वास है इस होली पर सबने खूब मस्ती और धमाल किया होगा मैंने तो बहुत मजा किया वृन्दावन धाम जाकर भी और घर पर भी, क्योंकि यह मेरा यानि की आपकी प्रिय दोस्त रागिनी का सबसे पसन्दीदा त्योहार है।चलिये अब इस मस्ती से बाहर निकलकर काम की बात पर आते हैंऔर रचते हैंअपनी कलम से कुछ सुन्दर -सुन्दर रचनाएँ रोला छन्द पर ।जी आप सही समझे! मात्रिक छन्दों की श्रृंखला को आगे बढा़ते हुये हम सब सृजन करेंगे 24 मात्रिक रोला छन्द पर तो उठाइये लेखनी और बिखेरिये साहित्य में रंग रोला के संग

रोला-  छंद
यह 24 मात्रिक अवतारी जाति का मात्रिक छंद है जिसमें चार चरण होते है। चारों चरणो के अंत मे तुक अनिवार्य है। चारो चरण भी समतुकांती हो सकते है या दो दो चरण समतुकांती हो।
प्रत्येक चरण मे11,13 मात्रा पर यति होती है।इसके विषम पदो मे मात्रा क्रम 4,4,3 या
3,3,2,3 तथा सम चरणों मे मात्रा क्रम 3,2,4,4 या 3,2,3,3,2 रखने से लय अच्छी बनती है। जिस रोला के सभी चरणो की 11वी मात्रा लघु होगी उसे काव्य छंद कहा गया है।
कुछ साहित्यकार रोला के विषम चरणो मे दोहे के सम चरण के अनुरूप विषम चरणांत गुरु लघु वर्ण को बेहतर मानते है।इससे लय बेहतर बनती है।
रोला के अंत मे दीर्घ वर्ण अनिवार्य है।इसके अंत मे लघु वर्ण रखने से बचना चाहिए।
रोला के सभी सम चरणांत अगर दो गुरु हो तो वह अति उत्तम जाति का रोला माना जाता है। अगर सम चरणांत केवल एक गुरु है , तब मध्यम श्रेणी का और अगर समचरणांत केवल लघु है तो निम्न श्रेणी का रोला समझा जाता है।

रोला की चौबीस,कला यति शङ्कर तेरा।
सम चरणन के आदि, विषम सम कला बसेरा।।
रामकृष्ण गोविन्द, भजे पूजत सब आसा।
इहां प्रमोद लहंत, अंत बैंकुंठ निवासा।
*कृमशः भगण नगण जगण भगण जगण जगण लघु
211 111 121 211 121 121 1 अनुसार कुल24 मात्रा क्रम होने पर इसे रसाला वृत्त भी कहा जाता है।
रोला के कुछ उदाहरण मेरी कलम से

रोला छन्द
(1)अक्षर पढ़ कर चार,
समझता खुद को ज्ञानी।
बदला है व्यवहार,
अरे!मूरख अज्ञानी ।
अच्छा रख बर्ताव ,
सभी जन तुझको चाहें।
रख रिश्तों में चाव,
सरल हो जायें राहें।।

(2) कर सबसे लो प्यार ,
बोल लो मीठी बोली।
अंहकार को मार,
बनो सबके हमजोली।
जीवन के दिन चार ,
उठेगी डन्डा डोली।
मिथ्या है संसार,
जलेगी सबकी होली।।
रागिनी गर्ग
रामपुर यू.पी.

(3)चतुर बहुत है श्याम ,
किशोरी मेरी भोरी।
लीनो चैन चुराय,
लली ने चोरी चोरी।
तीन लोक के देव,
बने वाके चपरासी।
फाँस प्रेम मे लियो,
देख के आवे हाँसी।।
रागिनी गर्ग
रामपुर यू. पी.

--------------------------------------------------
रोला छंद
२४ मात्रिक (११-१३ पर यति)
रचना क्रम
बिषम पद
४+४+३ या ३+३+२+३
सम पद
३+२+४+४ या ३+२+३+३+२
दो दो चरण समतुकांत या चारों चरण समतुकांत
- १-
सैनिक सरहद साज, सफलता सुन वर लाना,
दुश्मन दहले देख , छठी का दूध पिलाना।
गौरव गाथा गान , वरण कर आगे बढ़ना ,
चेतक से भी तेज , सुनो चोटी पर चढ़ना।।

-२-

छोटे बच्चे आज, सिखाते पाठ गुरू जी,
कैसी चलनी देख,हुआ है आज शुरू जी।
आपस में है होड़, मची सुन दुनियाँ सारी,
खोजे सारे तोड़, करोना की बीमारी।।

-३-
पोथी है सम्मान ,समझ मत इसको दूजा,
पाना हो जो मान,करो नित इसकी पूजा।
पढ़ना आता काम , पढ़ाई सबसे अच्छी,
जग में होता नाम, संगिनी सबसे सच्ची।

-४-
आदत से मजबूर,हुए देखो ये नेता,
बिकती टिकटें रोज,बने अद्भुत ये क्रेता।
जनता रोये देख,बना नौकर ही स्वामी,
उल्टा पुल्टा दौर,गधा घोड़ा सम नामी।।

अभय कुमार आनंद
विष्णुपुर,बाँका, बिहार व
लखनऊ,उत्तरप्रदेश

----------------------------------------------------------------
रोला छंद(अवतारी जाति)
24 मात्रिक छंद
11,13 पर यति।

सर्वोपरि निज स्वार्थ, मनुज मन की अभिलाषा।
भूला सब परमार्थ, कहत रसना कटु भाषा।।

पर-निन्दा में लिप्त, स्वयं की करे प्रशंसा।
सोचे पर का अहित, मलिन दूजे प्रति मंशा।।

मलिन काग आहार, कर्णकटु तान सुनाये।
मनुज द्वेष तस धार, अकारण क्लेश मचाये।।

कहे बहुत कटु बोल, क्रोधवश हृदय दुखाये।
अज्ञानता मन घोल, व्यर्थ ही जन्म बिताये।।

दम्भ लोभ मन त्याग, ह्रदय हरि नाम बसाया।
चरण शरण गुरु लाग, भक्त हरि नाम समाया।।

पर का भूले मान, मनुज मद में जब आये।
झूठे बोले बैन, ह्रदय पर-निंदा भाये।।

छोड़ो बीती बात, कुशल-मंगल सब मानो।
हाथों में लो हाथ, मित्र अपने सब जानो।।

छूटेंगे सब लोग, मृत्यु जिस दिन भी आई।
मन में धारो जोग, नाम हरि का लो भाई।।

जितेंदर पाल सिंह

-----------------------------------------------------------------------------
रोला छ्न्द
24 मात्रिक 11,13 पर यति
विषम पद
4+4+3 या 3+3+2+3
सम पद
3+2+4+4 या 3+2+3+3+2

रचना
4 4 3 , 3 2 4 4
आओ लिखते आज , सभी मिल कर के रोला।
देखो बरसे आज , गगन से भारी ओला ।
गिरती है प्रभु गाज , किसानों का मन बोला।
कर दो पूरण काज , ‌सुनो ओ मेरे भोला ।
.....

फैली चारों ओर , महामारी कोरोना।
ये है कैसा रोग , मचा है सबका रोना ।
जोड़ों सबसे हाथ, स्वच्छता रखना घर में ।
कुछ दिन की है बात ,दूर ही रहना जन में।

सिम्पल काव्यधारा
प्रयागराज

----------------------------------------------------------------
रोला छंद(अवतारी छंद,२४ मात्रिक,१३-११,दो चरण या चारो चरण समतुकांत,
 गेयता अनिवार्य तत्व

१भौरों का गुंजार,हृदय सबको सुख देता।
पीकर मधु मकरन्द,अमिय सुख मधुरिम लेता।।
कह कृष्णा कविराय,बजे मन में अब सरगम।
सुख देता अविराम,प्रिये,यह यौवन अनुपम।।

२-रँग दो अपने नेह,कंत मत मुझको टालो।
अमिट रंग इस फ़ाग,बलम मुझ पर तुम डालो।।
कह कृष्णा कविराय,सदा आनन यह दमके।
यह कपोल रतनार, सजन जीवन भर चमके।।

३-बहती अविरल धार, नदी का पानी पीते।
पशु-पक्षी अरु मनुज,सभी जीवन को जीते।।
कह कृष्णा कविराय, नदी लगती मनभावन।
संरक्षित कर इसे,सभी हम रखते पावन।।

कृष्णा श्रीवास्तव
हाटा,कुशीनगर, उत्तर प्रदेश

---------------------------------------------------------------
रोला छ्न्द
24 मात्रिक 11,13 पर यति
विषम पद
4+4+3 या 3+3+2+3
सम पद
3+2+4+4 या 3+2+3+3+2


रोला...(२४ मात्रिक छंद,दो या चारों चरण सम तुकांती,अंत दो गुरु अनिवार्य)

४ ४ ३/ ३ २ ४ ४

हो गुमसुम जब रैन,बजत है पायल प्यारी।
साजन पावे चैन, सुहावे रुनझुन न्यारी।
डर का छाया जाल, लोग है सारे जागे।
मन होता बेहाल,सुखी जीवन से भागे।।

••••••••••••••••••••••••••••••••••••••••

अपनों से वो दूर,अनोखी माया उसकी
देश प्रेम से चूर, समर्पित काया जिसकी।।
जान देश पर वार, देश की रक्षा करता।
चढा शस्त्र पें धार, रंग यौवन मे भरता।।


सुवर्णा परतानी
हैदराबाद

-----------------------------------------------------------
रोला छंद:-यह 24 मात्रिक अवतारी जाति का मात्रिक छंद है जिसमें चार चरण होते है। चारों चरणो के अंत मे तुक अनिवार्य है। चारो चरण भी समतुकांती हो सकते है या दो दो चरण समतुकांती हो।
प्रत्येक चरण मे11,13 मात्रा पर यति होती है।
*/*/*/*/*/*/*/*/*/*/*
उठे काव्य के वीर,छंद-वल्गा ले आए।
गहे भाव परिधान,समर में छंद घुमाए।।
उठे वीर मतिमान,भावित-अंजली ले के ।
शब्दाक्षर शमशीर,सजग थे निद्रा दे के ।।

छंद अनैक महान, शिखर साहित्य धरा के।
रसिक शिरोमणि जान,उपल है दिव्य विधा के।।
भर दें भाव सुजान,विध सुविध रसमणि नाना।
दिव्य-दिव्य राकेश,काव्य-अंचल परिधाना।।

नेह-सरि व्यवहार,जलधि सम गहन गभिरा।
सराबोर आख्यान,जीव्हा दृग मूक बधिरा।।
का का करो बखान,कही कब जाय बखानी।
वंद्य वंद्य है वीर, वंद्य वंदित शुचि बानी।।
*/*/*/*/*/*/*/*/*/*/*/*/*
#रागिनी_नरेंद्र_शास्त्री

------------------------------------------------------------------------

निधि छंद - Nidhi chhanda Hindi poetry

निधि छंद -





Explained By - Mr. Arvind Chasta "Aviraj" 
(kapasan , Chittorgarh Rajasthan)


परिभाषा - निधि छंद आँक जाती का एक सम मात्रिक छंद है।
चार चरण होते है।
इसके प्रत्येक चरण में 9 मात्राएँ होती है।
हर चरण के अंत में लघु - 1 होना अनिवार्य है ।🌹
दो दो चरण अथवा चारों चरण सम तुकांत हो सकते है।
अभिप्राय
1और 2 चरण =तुकांत
3 और 4 चरण =तुकांत होना आवश्यक है। 🌹
*
गूढ़ार्थ- जैसा की शास्त्रो में वर्णन है। कि आठ सिद्धि और नव निधि मानी गई है।
अतः यथा नाम तथा गुण निधि छंद 9 मात्राओ युक्त होता है। इस छंद में लिखे गए भाव सौभाग्य को प्राप्त होते है।🙏
चूँकि इस छंद के लिए कोई विशेष मापनी का शास्त्रो में वर्णन नही मिलता है। लेकिन शब्द शिल्प और पद लालित्य के लिए 
---------------------------------------------
निधि छंद
🌹
द्वार पे कतार, आप हो उदार।
आज है पुकार, कष्ट को निवार।।
🌹
में सदा अबोध, हो दया सुबोध।
दास को उबार, हो सदा सुधार।।
🌹
आप ही महेश, आप ही गणेश।
नन्द के कुमार, प्रेम की फुहार।।
🌹
हे दया निधान, हे कृपा निधान।
दुःख का निदान, आप हो महान।।
🌹
शारदा सुनीति, दूर हो अनीति।
ज्ञान का प्रकाश, विश्व का विकास।।
✍ रचनाकार
अरविन्द चास्टा "अविराज"
कपासन , चित्तौड़गढ़
------------------------------------------------------
निधि छन्द , 


टूटते हजार, मानवाधिकार।
न्याय तार-तार, लोकतंत्र हार।

सत्य होय भंग, राजनीति रंग।
भारतीय लाल, हो रहे निढाल।


टूटता समाज, झूठ राजकाज।

ये बलात्कार, मानसिक विकार।


घूमता विदेश, मौज में नरेश।

वाह ठाट बाट, बंद होय हाट।


बिकाऊ विभाग, खोल आँख जाग।

मर रहा जवान, डूबता किसान।


क्रांति की मशाल, तब जले विशाल।
जब उठे पुकार, देश में अपार।

लूट देश खाय, हर तरह निकाय।
देश प्रेम हाय! चोर अब सिखाय।



निधि छन्द
गीतिका


बीता वो समय, तुमसे था प्रणय।

जीवन की कलह, ले आयी प्रलय।

जोड़े हाथ हम, करते थे विनय।

तुम भूले सजन, हम थे प्रेममय।

टूटा सब भरम, तुमसे कर विलय।

सपने टूट कर, बिखरा ये निलय।

       जितेंदर पाल सिंह
------------------------------------ 
निधि छंद
चरणान्त लघु अनिवार्य।

जीवन का मंच , नाना बिसंच ।
निकले जो नीर , भू छाती चीर ।।

करते अन्याय , ये क्या है हाय ?
भरते तालाब , हा ! कैसा भाव ?

है हाहाकार , पानी की मार ।
पानी का हाल , देखो बेहाल ।।

जंगल को काट , शोणित ले हाथ ।
ये है संहार , सुन ले संसार ।।

पौधे को गाड़ , खतरे को ताड़ ।
बिन मौसम चार , जीवन बेकार ।।

समझाये कौन , हर कोई मौन ।
गा लो जी आज , जीवन का राग ।।

मौसम बीमार , क्या है स्वीकार ?
मौसम का आज , कर ले इलाज ।।

बदरी की प्यास , झरने की आस ।
सबका आधार , जंगल भरमार ।।

अभय कुमार आनंद
बिष्णुपुर बांका बिहार व लखनऊ उत्तरप्रदेश

------------------------------------------------------

निधि छंद

नाप तोल बोल,शब्द प्रीत घोल,

शब्द देत धार,होत हृदय पार।


घाव देत बाण,शब्द लेत प्राण,

त्याग दर्प शान,धैर्य राख जान।


शब्द शब्द आग,देत जीभ दाग़,

शीत शब्द प्यार,होय जीव सार।


शब्द तीर पार,देत कर्ण भार,
टूट जात साथ,होत तू अनाथ।

सुवर्णा परतानी, हैदराबाद

-------------------------------------------------------

निधि छंद :-   रचना:-

गंगा की धार,धोती सब भार।
हो जा तैयार,कर नैया पार।

सुन मुरली तान,मन अब तू मान।
भज ले हनुमान,सुंदर हो गान।

रामा हो राम,बंसी धर श्याम।
बन जाये काम,चल प्रभु के घाम।

पूण्य कर या पाप,कर ले मन जाप।
भव सागर पार, 
जग का यह सार।

गोपाल कृष्णा भावसार
इंदौर सुखेड़ा।
----------------------------------------------------
निधि छ्न्द 

गंगा का सार ,करती उद्धार ,
बहती है धार ,गाओ मल्हार।,
.....
नदिया में शोर ,बरखा घनघोर ।
जीवन की भोर ,नाचे मन मोर ,
......
ले कर के आस ,गंगा के पास ।
मन का विश्वास ,कर पूरी आस ।
....
तन निर्मल होय ,मन कलकल होय।
पापों को धोय ,जय जय जय होय ।
........
कर ले तू दान,होगा कल्याण।
कर मां का मान , करके गुणगान ।
सिम्पल काव्यधारा
प्रयागराज
------------------------------------------------
निधि छंद

मात की पुकार ,कर रहे गुहार ।
जान से न मार ,फूल से बहार।।

दैत्य है दहेज ,मत इसे सहेज ।
हो सदा गुरेज ,दान ज्ञान भेज।।

लोभ के शिकार ,क्यों सहे प्रहार ।
आज हो विचार , हरि हरे विकार ।।

रोकते न आग ,धो सके न दाग ।
छोड़ नींद जाग ,भूल द्वेष राग।।

रानी सोनी"परी
----------------------------------------------------
निधि छ्न्द

अन्तर्मन धार। शब्दों से प्यार।
औ मात्रा भार। कविता का सार।

भाषा विन्यास।करुणा औ हास।
रस का हो वास।सब कवि के पास।

तज दें अभिमान।गुरु से लें ज्ञान।
उर में हो ध्यान।मिलता सम्मान।

परहित आधार।कर अंगीकार।
उर मृदु व्यवहार।सुखमय संसार।

कृष्णा श्रीवास्तव , हाटा,कुशीनगर

------------------------------------------------------
निधि छंद ।
**** **** **** ****

और झूठ बात,अब नहीं सुहात,
ढूँढ आसपास,खो गया विकास।।

रो रहे किसान,और नौजवान,
भूख है उघार,मांगती उधार।।

चीख संग पुकार,सुन व्यथा अपार,
मन हुआ अधीर,हिल गया शरीर।।

आंकड़े महान,मत करो बखान,
कुछ करो विचार,हो अभी सुधार।।

देख आसमान,हो रहा बिहान,
बिन हुए उदास,तुम करो प्रयास।।

अशोक कुमार "अश्क चिरैयाकोटी"
मु0- मोलनागंज, पो0- चिरैयाकोट
जनपद-मऊ ( उ0 प्र0)
----------------------------------------------------


निधि छन्द
--------

उदित रवि विहान,अनुपम छवि राम,
चरण कर विनीत,सुभग मन सुप्रीत।
*****************
सकल जगत राम,सफल सकल काम,
हरहु ह्रदय पीर,दशरथ रघुवीर।
*******************
कमल सम कपोल,सरस मधुर बोल,
मुदित मन सुभाष,सुचित अटल आस ।
******************
हरि सुनहु पुकार,हरहु मन विकार,
शरण रख सुखान,अतुलित वरदान।
***************
प्रभु अति उदार,सकल दुख निवार,
जटिल जलधि पार,नियति जग सुधार।।
****************

रचनाकार
डॉ नीरज अग्रवाल ,
बिलासपुर
----------------------------------------------------------
निधि छंद

विषय -पर्यावरण


अब है भरमार, पानी लाचार,
मौसम बेकार, ठप कारोबार ।

सूरज की आस , डूबा विश्वास ,
तारों की आस, ईश्वर के पास ।

अब है ये शोर , दुख चारों ओर,
जीवों का कोन , धरती है मौन ।

जीवन है चूर , सुख भी है दूर,
पोधें बेकार , हो कब उद्धार ।

सब करते सोग, होते प्रयोग,
है पैदावार , मन में है भार ।
रजिन्दर कोर (रेशू)
अमृतसर

-----------------------------------------

निधि छंद
रचना

१
द्वंद है अनेक ,राह सोच एक
शांत हो विचार ,मुक्ति के प्रकार
२
देख नव वितान ,वो नवल विवान
मोद भर निहार ,जीव हर निसार।
३
प्रेम का विहार ,है नवल प्रकार
मीत मन लुभाय ,प्रीत तन समाय।
४,
बालमा निहार ,प्रीत की बहार
सिक्त गात लाज , लाल रंग आज ।

५
नैन हैं कमान ,साधते निशान
छोड़ प्रेम बाण ,नेह बोल प्राण।

ललिता गहलोत

-----------------------------------------
निधि छंद

१
सपना साकार , सबका अधिकार,
हो जो धन पास , दे दो सब खास।
२
अपनों का प्यार, सिमटा संसार,
खोता विश्वास, होता फिर आस।
३
साथी अनमोल, जीवन बिन मोल,
पाया तेरा साथ, भाया तेरा हाथ।
४
साजन अब जान, मिलता सम्मान,
जीवन में भाव, मिलता है चाव।

५
बोते हैं झार, कर्मों का हार,
करते जो काज, सम्मानित आज।


                                                                              विनीता सिंह "विनी"
-------------------------------------------
निधि छंद

चरणान्त लघु

मात्रिक छंद 9 मात्रा

जलधि तट विहार। उर कर मनुहार।
चपल अधर आज। स्वर सरगम साज।

******************

नयन सजल गीत क्षण क्षण मनमीत
हृदय विकल रिक्त दृग जल अभिषिक्त।

******************
भरत लखन राम। दशरथ गृह धाम।
विविध ललित रंग। मुदित अवध संग।

******************

दिनकर अवसान। नभ विहग विहान।
गगन अमिय अंक। नित नवल मयंक।

******************
अगणित रणधीर। बढ़ चल सब वीर।
रिपु दल कर नष्ट। सहकर सब कष्ट।
***************

स्वरचित
गीता गुप्ता 'मन'
उन्नाव, उत्तरप्रदेश
-----------------------------------
निधि छंद
9 मात्रिक,अंत लघु अनिवार्य

*********
पंख को पसार, कर रहा विहार।
छू रहा अनंत, बन गया जयंत।।
***
भर गई मिठास, छोड़ कर खटास।
त्याग सब विलाप, मत करो अलाप ।।
***
ढूंढ ले वितान, फिर वही विहान।
छेड़ कुछ सुराग, बिछ गया पराग।।
***
झूमती उमंग, मन भरे तरंग।
अंग लग बहार, बन गई फुहार।।
***
कौन अब निराश, हो गया प्रकाश।
प्रेम का प्रसार, रूप पर निखार।।
स्वरचित  - राज्यश्री सिंह
-------------------------------------
निधि छंद

*********
पंख को पसार, कर रहा विहार।
छू रहा अनंत, बन गया जयंत।।
***
भर गई मिठास, छोड़ कर खटास।
त्याग सब विलाप, मत करो अलाप ।।
***
ढूंढ ले वितान, फिर वही विहान।
छेड़ कुछ सुराग, बिछ गया पराग।।
***
झूमती उमंग, मन भरे तरंग।
अंग लग बहार, बन गई फुहार।।
***
कौन अब निराश, हो गया प्रकाश।
प्रेम का प्रसार, रूप पर निखार।।
राज्यश्री सिंह

----------------------------------------------
निधि छन्द पर आधारित गीत
🌺🌺आया गोपाल🌺🌺


(मुखड़ा)
बहना का लाल, मामा का काल।
खींचेगा खाल, आया गोपाल।।

(अन्तरा 1) 

दी कारागार, कर अत्याचार।
रक्खा बदहाल, आया गोपाल।।( टेक)
(2)
मामा था कंस, मन में था दंश।
बैरी सम्भाल, आया गोपाल।

(3)
करता था पाप, लेता था श्राप।
भेजा पाताल, आया गोपाल।


(4)
खुशियों की भोर, फैली हर ओर।
काटा जंजाल, आया गोपाल।।

रागिनी गर्ग (चुनमुन)
रामपुर (यूपी )

------------------------------

अनुष्टुप छन्द

  अनुष्टुप छन्द – वार्णिक छन्द का परिचय, लक्षण एवं उदाहरण अनुष्टुप छन्द का परिचय अनुष्टुप छन्द वार्णिक छन्दों में एक अत्यंत प्राचीन, प्रसिद्...